राहुल गांधी के बयान से राजस्थान कांग्रेस में नई चर्चा, डोटासरा और जूली की जमकर की सराहना

राहुल गांधी के बयान से राजस्थान कांग्रेस में नई चर्चा, डोटासरा और जूली की जमकर की सराहना

जयपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को राजस्थान दौरे पर जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राहुल गांधी की एक टिप्पणी ने प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी।

स्वागत के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेता मिलकर संगठन और विपक्ष की भूमिका को प्रभावी ढंग से निभा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि “पीसीसी और सीएलपी मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं। आगे भी इसी तरह काम करते रहिए। आप दोनों दूसरे राज्यों के लिए भी एक अच्छा उदाहरण हैं।”

राहुल गांधी की इस टिप्पणी को राजस्थान कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और समन्वय को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल देखा गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। डोटासरा ने लिखा कि राहुल गांधी के प्रेरणादायी शब्द और विश्वास संगठन के लिए ऊर्जा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मार्गदर्शन उन्हें जनता के मुद्दों के लिए लगातार संघर्ष करने और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राहुल गांधी द्वारा डोटासरा और जूली की सार्वजनिक प्रशंसा को राजस्थान कांग्रेस में एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। यह बयान ऐसे समय आया है जब पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी रणनीतियों को लेकर संगठन को और मजबूत करने में जुटी हुई है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *