पाली। शुक्रवार को सांडेराव थाना क्षेत्र में सवारियों से भरी एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सांडेराव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और तखतगढ़ अस्पताल ले जाया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार निजी बस खेतलाजी से जालोर जा रही थी। बस सांडेराव से सवारियां लेकर दुजाना-तखतगढ़ की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर लहराते हुए पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ड्राइवर की लापरवाही से हादसा होने का यात्रियों ने लगाया आरोप, हादसे के बाद चालक मौके से फरार; पुलिस जांच में जुटी
ड्राइवर मौके से फरार
यात्रियों ने आरोप लगाया कि ड्राइवर की लापरवाही के कारण बस अनियंत्रित हुई, जिससे हादसा हुआ। सांडेराव थाने के SHO श्यामसिंह चारण ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ये यात्री हुए घायल
हादसे में दुजाना निवासी कमला देवी (50), फालना निवासी जैतून (45), दुजाना निवासी रवीना (25), जालोर निवासी प्राची (45), फालना निवासी दिगंबर सिंह (18) और चंदा कंवर (40) चोटिल हुए।
सभी घायलों को उपचार के लिए सांडेराव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और तखतगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

