बाड़मेर निकाय चुनाव में ‘सेब’ की भारी डिमांड, 24 निर्दलीयों को मिला सिंबल; 7 वार्डों में लॉटरी

बाड़मेर निकाय चुनाव में ‘सेब’ की भारी डिमांड, 24 निर्दलीयों को मिला सिंबल; 7 वार्डों में लॉटरी

बाड़मेर। नगर निकाय चुनाव में इस बार ‘सेब’ के चुनाव चिन्ह की भारी डिमांड देखने को मिल रही है। निर्दलीय प्रत्याशियों में सेब सिंबल को लेकर खासा उत्साह है। निर्वाचन विभाग की ओर से 24 निर्दलीय प्रत्याशियों को सेब का चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है।

सेब के चुनाव चिन्ह की डिमांड की बड़ी वजह शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी हैं। भाटी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सेब के चुनाव चिन्ह पर लड़ा था। इसके बाद से सेब का सिंबल लोगों के बीच खासा चर्चित रहा है। अब दो साल बाद निकाय चुनाव में एक बार फिर सेब चुनाव चिन्ह चर्चा में आ गया है।

55 वार्डों में 179 प्रत्याशी मैदान में

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में 179 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 55 कांग्रेस, 55 भाजपा, 18 आरएलपी, एक बसपा और 50 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं।

निर्दलीय प्रत्याशियों से चुनाव चिन्ह के लिए तीन-तीन विकल्प मांगे गए थे। कई वार्डों में प्रत्याशियों की पहली पसंद सेब रही। जहां एक ही चुनाव चिन्ह के लिए एक से अधिक प्रत्याशियों ने पहली पसंद दी, वहां निर्वाचन विभाग को लॉटरी का सहारा लेना पड़ा।

एसडीएम भवानीसिंह ने बताया कि नाम वापसी के अंतिम दिन 56 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया। इसके बाद 55 वार्डों में 179 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए।

7 वार्डों में सेब के लिए हुई लॉटरी

चुनाव चिन्ह आवंटन के दौरान 7 वार्ड ऐसे सामने आए, जहां एक से अधिक निर्दलीय प्रत्याशियों ने सेब चुनाव चिन्ह को पहली पसंद बताया। ऐसे में निर्वाचन विभाग ने नियमों के अनुसार लॉटरी निकाली और प्रत्येक वार्ड में एक प्रत्याशी को सेब का चुनाव चिन्ह आवंटित किया।

जिन प्रत्याशियों को पहली पसंद का सेब सिंबल नहीं मिल पाया, उन्हें उनकी दूसरी पसंद के आधार पर अन्य चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *