‘हमारी सरकार में नहीं हुआ पेपर लीक’, गहलोत राज में बर्बाद हुआ युवाओं का भविष्य- मदन राठौड़

‘हमारी सरकार में नहीं हुआ पेपर लीक’, गहलोत राज में बर्बाद हुआ युवाओं का भविष्य- मदन राठौड़

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को कोटपूतली में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के उस बयान को भी गलत करार दिया, जिसमें उन्होंने एनटीए (NTA) को भाजपा और आरएसएस की एजेंसी बताया था।

दरअसल, मदन राठौड़ शहर के एक निजी होटल परिसर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुरेश बादलीवाल, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि एनटीए केवल परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी है और उसे आरएसएस की एजेंसी बताना पूरी तरह तथ्यहीन और राजनीतिक बयानबाजी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को बयान देने से पहले अपने शासनकाल को याद करना चाहिए, जब प्रदेश में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आते रहे थे। उन्होंने कहा कि एनटीए ने विवाद सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर तुरंत कार्रवाई की, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय कई मामलों में समय पर कदम नहीं उठाए गए।

राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इंस्पेक्टर भर्ती मामले में चयनित अभ्यर्थियों को दो साल नौकरी करने के बाद वापस घर भेज दिया गया था, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में अब तक एक भी पेपर लीक की घटना सामने नहीं आई है।

NEET पेपर लीक मामले में आरोपी द्वारा ‘बड़ी मछलियों को बचाने’ संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सरकार की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और कानून अपना काम कर रहा है।

मदन राठौड़ के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं और कानून व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *