NEET-CUET विवाद पर जंतर-मंतर में प्रदर्शन की तैयारी, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने जारी की एडवाइजरी

NEET-CUET विवाद पर जंतर-मंतर में प्रदर्शन की तैयारी, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उठ रहे विवादों के बीच सोशल मीडिया पर चर्चित संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर समर्थकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। संगठन ने छात्रों और युवाओं से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बड़ी फॉलोइंग रखने वाला यह संगठन हाल के दिनों में शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय दिखाई दे रहा है। संगठन का दावा है कि वह NEET, CUET, CBSE और SSC GD जैसी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहा है।

प्रदर्शन से पहले जारी वीडियो संदेश में संगठन ने केंद्र सरकार से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है। वीडियो में मंत्री की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें जिम्मेदारी से हटाने की मांग दोहराई गई है।

वहीं संगठन की ओर से सोशल मीडिया पर साझा एक अन्य पोस्ट में समर्थकों से 6 जून की सुबह 9 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की गई। पोस्ट में कहा गया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रखा जाएगा।

संगठन ने प्रदर्शनकारियों के लिए ‘क्या करें और क्या न करें’ संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जिसमें कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हिंसा या अव्यवस्था से दूर रहने की अपील की गई है।

फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता रखने वाला यह संगठन जमीनी स्तर पर कितने लोगों को प्रदर्शन में शामिल कर पाता है। प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों की भी नजरें बनी हुई हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *