पटना। राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान से जुड़े विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। कथित फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। पटना पुलिस ने वायरल वीडियो में हथियार के साथ दिखाई देने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में आगे की कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाले दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके हथियार जब्त कर लिए गए हैं। बरामद हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खान सर पर दर्ज हुआ मामला
इस मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। कदमकुआं थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार सुरक्षा गार्डों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
हालांकि खान सर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। एसएसपी ने कहा कि जांच में जिन लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दो सुरक्षा गार्ड पहले ही गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में कथित तोड़फोड़ और पथराव की घटना हुई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें फायरिंग जैसी घटना दिखाई देने का दावा किया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे कोचिंग संस्थान से भी गिरफ्तारियां
इसी मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद सहित तीन लोगों को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी के विरोध में छात्रों ने पटना में कैंडल मार्च निकालकर रिहाई की मांग की थी।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
विवाद को देखते हुए खान ग्लोबल स्टडीज और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों कोचिंग संस्थानों के छात्रों के बीच तनाव बढ़ सकता है। इसी कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




