पाली, 27 अप्रैल। सोजत नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नागरिकों से फीडबैक प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड एवं ऑनलाइन लिंक जारी किया गया है, जिसके माध्यम से स्वच्छता साथियों एवं पालिका अधिकारियों ने अपना फीडबैक दर्ज कराया।
स्वच्छता साथियों और अधिकारियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में फीडबैक दर्ज कर सोजत नगर पालिका को बेहतर रैंकिंग दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिकों का फीडबैक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था का सही आकलन होता है।
अधिशाषी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर ने बताया कि पालिका प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि आमजन इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सोजतवासी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और नगर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण की जानकारी स्वच्छता साथियों और जमादारों के साथ साझा की गई और स्वच्छ भारत मिशन ब्रांड एंबेसडर दिनेश उज्ज्वल ने फीडबैक दर्ज करने की संपूर्ण गतिविधि के साथ अधिक से अधिक कैसे फीडबैक बढ़ाए जा सके के बारे में बताया।
इस दौरान नगर पालिका सोजत के सभी जमादार के साथ स्वच्छता साथी, सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान, स्वास्थ्य निरीक्षक पूनम चंद और MIS इंजीनियर गोविंद चौहान उपस्थित रहे।








