जोधपुर में CM भजनलाल का रोड शो शुरू, जालोरी गेट से घंटाघर तक होगा शक्ति प्रदर्शन

जोधपुर में CM भजनलाल का रोड शो शुरू, जालोरी गेट से घंटाघर तक होगा शक्ति प्रदर्शन

जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को जोधपुर पहुंच गए हैं। जालोरी गेट से उनका रोड शो शुरू हो चुका है। रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जालोरी गेट पहुंचे हैं और देशभक्ति के गानों पर डांस करते हुए नजर आए।

फोटो जालोरी गेट का है। जहां पर बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर सीएम के स्वागत में खड़े हैं। - Dainik Bhaskar

सीएम भजनलाल शर्मा के साथ रोड शो में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, विधायक अतुल भंसाली, देवेंद्र जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी शामिल हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में बाइक के साथ रोड शो में शामिल हो रहे हैं।

जालोरी गेट से घंटाघर तक रोड शो

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल के मुताबिक रोड शो जालोरी गेट से शुरू होकर घंटाघर तक जाएगा। इस दौरान रोड शो आड़ा बाजार, सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार और कटला बाजार से होकर गुजरेगा।

भाजपा इसे नगर निकाय चुनाव से पहले बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देख रही है। केंद्रीय मंत्री से लेकर विधायक और संगठन के पदाधिकारी पहले से ही चुनावी मैदान में सक्रिय हैं।

जालोरी गेट पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बीजेपी का झंडा लेकर पहुंचे हैं।

रोड शो के बाद एक घंटे की बैठक

रोड शो खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा संगठन के पदाधिकारियों के साथ करीब एक घंटे की बैठक करेंगे। यह बैठक न्यू पावर रोड स्थित लघु उद्योग भारती भवन में होगी।

एक-एक वार्ड का लेंगे फीडबैक

भाजपा सूत्रों के मुताबिक बैठक में मुख्यमंत्री एक-एक वार्ड की चुनावी स्थिति का फीडबैक लेंगे। प्रत्याशियों की स्थिति, वार्डवार समीकरण और चुनाव में जीत की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

इसके साथ ही सीनियर नेताओं की जिम्मेदारी तय करने और ज्यादा से ज्यादा वार्डों में जीत हासिल करने के लिए एक्शन प्लान पर भी मंथन किया जाएगा। बैठक में भाजपा का बोर्ड बनाने की रणनीति को लेकर भी चर्चा होगी।

भाजपा के लिए अहम है जोधपुर का चुनाव

मुख्यमंत्री का जोधपुर रोड शो ऐसे समय हो रहा है, जब भाजपा नगर निकाय चुनाव में अपना बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। पार्टी के केंद्रीय मंत्री, विधायक और संगठन के पदाधिकारी लगातार वार्डों में सक्रिय हैं। ऐसे में सीएम का रोड शो भाजपा के चुनावी अभियान को और धार देने वाला माना जा रहा है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *