जोधपुर। सोशल मीडिया पर कथित ट्रोलिंग से परेशान होकर जहर सेवन करने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई की तबीयत में अब सुधार बताया जा रहा है। जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति पहले से बेहतर है और वे खतरे से बाहर हैं।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अनीता को दो दिन पहले आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। उपचार के बाद अब उनकी स्वास्थ्य स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक वह धीरे-धीरे प्रतिक्रिया देने लगी हैं और बातचीत भी कर रही हैं। हालांकि पूरी तरह स्वस्थ होने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं, इसलिए उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी निवासी अनीता बिश्नोई ने 3 जून की सुबह कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसी रात उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया।
इधर मामले को लेकर पुलिस भी नजर बनाए हुए है। बनाड़ थाना पुलिस के अनुसार अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। अनीता के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए बयान नहीं लिए जा सके हैं।
परिवार की ओर से पहले लगाए गए आरोपों में कहा गया था कि अनीता को सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल किया जा रहा था। परिजनों का दावा है कि पारिवारिक विवाद के चलते कुछ लोगों द्वारा उन्हें निशाना बनाया गया, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान थीं। साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर भी विवाद और दबाव की बात सामने आई थी।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच अनीता के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।
फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में अनीता का उपचार जारी है और अस्पताल प्रशासन ने उनकी स्थिति को स्थिर बताया है।








