पाली शहर के नया गांव रोड स्थित रूप रजत विहार में रविवार को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।
सांसद पीपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, जिससे खुले में शौच की समस्या में कमी आई है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत करीब 16 करोड़ घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं। साथ ही मध्यम वर्ग को आयकर में राहत देकर आर्थिक मजबूती प्रदान की गई है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को एक रुपए में सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके अलावा लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूह और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, स्वरोजगार के लिए ऋण योजनाओं और किसानों के हित में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद पीपी चौधरी, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक केसाराम चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्थापित डे-केयर सेंटर का उद्घाटन भी किया गया, जहां स्वास्थ्य जांच, मनोरंजन, धार्मिक गतिविधियों एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।




