नीट पेपर लीक के विरोध में CJP को मिली प्रदर्शन की अनुमति

नीट पेपर लीक के विरोध में CJP को मिली प्रदर्शन की अनुमति

नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को जयपुर में विरोध-प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। यह प्रदर्शन सोमवार को गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित होगा।

पहले जयपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन रविवार को जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी साउथ और पार्टी प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे चली बैठक के बाद अनुमति जारी कर दी गई।

फाउंडर अभिजीत दीपके होंगे शामिल

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शन में भाग लेने के लिए जयपुर पहुंचेंगे। प्रदर्शन दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। पार्टी ने बड़ी संख्या में छात्रों, अभिभावकों और युवाओं से इसमें शामिल होने की अपील की है।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि नीट पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। अब समय आ गया है कि युवा एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें और जवाबदेही तय करने की मांग करें।

पहले खारिज हुई थी अनुमति

जयपुर पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से मना कर दिया था। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया था कि परिस्थितियों को देखते हुए अनुमति देना उचित नहीं होगा।

हालांकि बाद में प्रशासन और पार्टी के बीच हुई वार्ता के बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति प्रदान कर दी गई।

अनुमति नहीं मिलने पर जताई थी नाराजगी

सीजेपी के राजस्थान मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन बिट्टू ने अनुमति नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि पार्टी देश के कई शहरों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर चुकी है और कहीं भी कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई।

उन्होंने आरोप लगाया था कि राजस्थान में शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

कैसे बनी कॉकरोच जनता पार्टी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत मई 2026 में हुई थी। पार्टी के अनुसार इसका गठन युवाओं और बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को उठाने के उद्देश्य से किया गया। पार्टी ने नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और शिक्षा सुधार को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया है।

पार्टी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन अभियान भी चलाया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिला।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *