सुमेरपुर में टला बड़ा हादसा: विवेकानंद बस स्टैंड की छत भरभराकर गिरी, बालक बाल-बाल बचा

सुमेरपुर में टला बड़ा हादसा: विवेकानंद बस स्टैंड की छत भरभराकर गिरी, बालक बाल-बाल बचा

सुमेरपुर। शहर के प्रमुख विवेकानंद बस स्टैंड पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शाम करीब 6:40 बजे बस स्टैंड परिसर की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के समय वहां मौजूद एक करीब 10 वर्षीय बालक बाल-बाल बच गया। यदि कुछ सेकंड का भी अंतर होता तो यह घटना गंभीर जनहानि का कारण बन सकती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस स्टैंड पर यात्रियों की आवाजाही के बीच अचानक छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति सीधे मलबे की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि बस स्टैंड की इमारत लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा इसकी मरम्मत और रखरखाव को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, जिला प्रशासन और उपखंड प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच करवाने तथा बस स्टैंड की जर्जर संरचना की मरम्मत करवाने की मांग की है।

नागरिकों का कहना है कि मानसून का मौसम शुरू होने वाला है और यदि समय रहते भवन की स्थिति नहीं सुधारी गई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से बस स्टैंड की तकनीकी जांच कराकर कमजोर हिस्सों को तुरंत दुरुस्त करने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *