सुमेरपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, महंगाई-बिजली संकट पर सरकार को घेरा

सुमेरपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, महंगाई-बिजली संकट पर सरकार को घेरा

सुमेरपुर। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक प्रकरणों और क्षेत्र में लगातार बनी बिजली समस्या को लेकर सोमवार को सुमेरपुर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में विशाल रैली एवं जनसभा का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न मार्गों से रैली निकालते हुए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

रैली का शुभारंभ शास्त्री सर्कल और आर्य समाज क्षेत्र से हुआ, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन एकत्रित हुए। इसके बाद रैली भेरू चौक, मुख्य बाजार, गांधी मूर्ति सर्कल, राजगुरु सर्कल सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर उपखंड कार्यालय पहुंची, जहां जनसभा आयोजित की गई।

जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता बढ़ती कीमतों और बुनियादी समस्याओं से परेशान है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

कांग्रेस युवा नेता जगदीश राजपुरोहित ने अपने संबोधन में हाल ही में सुमेरपुर में हुई लंबी बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई इलाकों में लोगों को घंटों नहीं बल्कि कई-कई घंटों तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

वहीं यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ललित परिहार ने कहा कि क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आमजन की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

सभा के दौरान कई वक्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए जनहित के मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

कार्यक्रम में सुमेरपुर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा, भंवर सिंह चौधरी, सुमेर सिंह मनवार, हिम्मत गहलोत, ललित परिहार, जगदीश राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *