जोधपुर निकाय चुनाव: कांग्रेस में टिकट को लेकर विरोध, स्थानीय प्रत्याशियों की मांग तेज

जोधपुर निकाय चुनाव: कांग्रेस में टिकट को लेकर विरोध, स्थानीय प्रत्याशियों की मांग तेज

जोधपुर। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा से पहले ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। कई वार्डों में कार्यकर्ता संभावित प्रत्याशियों को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और स्थानीय दावेदारों को ही टिकट देने की मांग कर रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस की प्रत्याशियों की सूची आज जारी हो सकती है।

रविवार को जोधपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 4 के कांग्रेस कार्यकर्ता शहर कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने संभावित बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिए जाने का विरोध किया और कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। बाद में कार्यालय में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद वे वापस लौट गए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संभावित बाहरी प्रत्याशी का विरोध जताते हुए स्थानीय प्रत्याशी की मांग की।

वार्ड 69 में भी टिकट को लेकर नाराजगी

वहीं, वार्ड नंबर 69 में भी कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी को लेकर विरोध सामने आया है। बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिए जाने की चर्चा के बीच नाराज कांग्रेस समर्थक और वार्डवासी पूर्व विधायक मनीषा पंवार के आवास पहुंचे।

वार्डवासियों ने अपनी पसंद के स्थानीय दावेदार लियाकत अली रंगरेज के समर्थन में अपनी बात रखी। वहीं अरशद चौहान भी टिकट के दावेदार बताए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि स्थानीय दावेदार की जगह बाहरी प्रत्याशी को टिकट दिया गया तो इससे पार्टी के स्थानीय समर्थकों में नाराजगी बढ़ सकती है।

कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि यदि लियाकत अली रंगरेज को कांग्रेस का टिकट नहीं मिलता है तो उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतारकर समर्थन देने पर विचार किया जा सकता है। अब कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि पार्टी किन दावेदारों पर भरोसा जताती है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *