जोधपुर निकाय चुनाव: BJP में नए चेहरों पर दांव की तैयारी, औपचारिक सूची के बजाय सीधे नामांकन की रणनीति!

जोधपुर निकाय चुनाव: BJP में नए चेहरों पर दांव की तैयारी, औपचारिक सूची के बजाय सीधे नामांकन की रणनीति!

जोधपुर। जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन जारी है। हालांकि, दोनों प्रमुख दलों ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की औपचारिक सूची जारी नहीं की है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने संभावित उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतरने के संकेत दे दिए हैं।

बताया जा रहा है कि भाजपा इस बार जोधपुर में प्रत्याशियों की कोई औपचारिक सूची जारी करने के बजाय सीधे संभावित उम्मीदवारों से नामांकन करवाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके बाद अंतिम समय में उम्मीदवारों को पार्टी का अधिकृत चुनाव चिन्ह सौंपे जाने की चर्चा है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस रणनीति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

गोपनीय सर्वे के आधार पर टिकट देने की तैयारी

पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा ने संभावित दावेदारों को लेकर आंतरिक सर्वे कराया है। दावेदारों से बायोडेटा और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक ट्रैक रिकॉर्ड की जानकारी ली गई है। सूत्रों का दावा है कि पार्टी इस बार विवादित, दागदार छवि या भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे चेहरों से दूरी बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।

वहीं, शिक्षित, युवा और नए चेहरों को अधिक मौका देने पर भी जोर बताया जा रहा है। ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की चर्चा है, जिनकी क्षेत्र में अच्छी पकड़ हो और वार्ड के विकास को लेकर स्पष्ट विजन हो।

महापौर पद को लेकर भी दावेदार सक्रिय

पार्षद पद के साथ-साथ महापौर पद को लेकर भी भाजपा में कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में हैं। महापौर की दौड़ में मेघराज लोहिया, देवेंद्र सालेचा, कमलेश पुरोहित और प्रसन्नचंद मेहता जैसे नाम सामने बताए जा रहे हैं।

वहीं, पूर्व महापौर घनश्याम ओझा का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, उन्होंने अभी तक चुनाव लड़ने को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

फिलहाल प्रत्याशियों की अंतिम सूची और पार्टी सिंबल को लेकर तस्वीर साफ नहीं हुई है। ऐसे में भाजपा की ओर से अंतिम समय में सामने आने वाले उम्मीदवारों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *