जोधपुर। बाबा रामदेव मेले में दर्शन के लिए रामदेवरा जा रहे एक परिवार की बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति और उसकी गर्भवती पत्नी गंभीर घायल हो गए, जबकि उनकी डेढ़ साल की बेटी को मामूली चोट आई है। हादसे में युवक के दोनों पैर कुचल गए। घायलों को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डंपर के नीचे घुस गई बाइक
हादसा रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे कायलाना सर्किल के पास हुआ। उदयपुर निवासी सोहनलाल (30) पुत्र नाताराम अपनी पत्नी केली बाई (28) और डेढ़ साल की बेटी के साथ शनिवार शाम बाइक से रामदेवरा दर्शन के लिए रवाना हुआ था। रात में सुमेरपुर में रुकने के बाद परिवार रविवार सुबह जोधपुर पहुंचा।

कायलाना सर्किल से रामदेवरा की ओर जाते समय पीछे से तेज रफ्तार में आए डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक डंपर के नीचे तक जा घुसी।
पति-पत्नी गंभीर घायल
हादसे में सोहनलाल के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। वहीं बाइक पर पीछे बैठी उसकी गर्भवती पत्नी केली बाई भी घायल हो गई। उनकी डेढ़ साल की बेटी को मामूली चोट आई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर सूरसागर थाना पुलिस और प्रताप नगर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
तेज रफ्तार डंपरों को लेकर लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम से अनुबंधित डंपरों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रोजाना तेज गति से डंपर चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने डंपरों की रफ्तार पर लगाम लगाने और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कार्रवाई की मांग की।

