क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर महिला क्रिकेट का पहला टेस्ट भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया. इस मैच में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 270 रनों से शानदार जीत अपने नाम की. इसके साथ यह महिला क्रिकेट के इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला टेस्ट बन गया.
बता दें कि यह लॉर्ड्स पर खेला गया पहला महिला टेस्ट था. क्रिकबज के आंकड़ों के अनुसार, इस टेस्ट को देखने के लिए कुल 37,846 लोग पहुंचे. इस आंकड़े के साथ पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा और नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम हो गया.

2025 में महिला एशेज का इकलौता टेस्ट मेलबर्न के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था. इस मैच को देखने के लिए 35,365 लोग पहुंचे थे. इस तरह लॉर्ड्स में पिछला रिकॉर्ड टूट गया
हरमनप्रीत कौर लॉर्ड्स में टेस्ट जीतने वाली सिर्फ चौथी भारतीय कप्तान (पुरुष और महिला मिलाकर) बनीं. सबसे पहले भारत की पुरुष टीम ने 1986 में कपिल देव की कप्तानी में लॉर्ड्स में टेस्ट जीता था.
इसके बाद 2014 में एमएस धोनी की कप्तानी में खेलते हुए टीम इंडिया ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट जीता.
आगे बढ़ते हुए 2021 में विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीता. अब 2026 में हरमनप्रीत कौर ने यह कमाल कर दिया.

ऐसा रहा मैच का हाल
10 जुलाई से शुरू हुए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बैटिंग के लिए उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 285 रन पर ऑलआउट हुई. फिर बैटिंग के लिए उतरी इंग्लैंड पहली पारी में 170 रन पर सिमट गई. इसके बाद दूसरी पारी में टीम इंडिया ने 341/7 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. फिर चौथी पारी में चेज के लिए उतरी इंग्लिश टीम 186 रन पर ही ढेर हो गई. इस तरह भारतीय टीम ने 270 रन से जीत अपने खाते में डाल ली

