शिवगंज (सिरोही)। श्री राधा श्याम सुंदर सेवा संस्था के तत्वावधान में शनिवार को भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा महोत्सव पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। रथयात्रा में शिवगंज ही नहीं, बल्कि सुमेरपुर और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा शहर भगवान जगन्नाथ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। यात्रा के दौरान नगर के मुख्य बाजारों और मोहल्लों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उनके साथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष हनवंत सिंह मेडतिया सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने भगवान की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

दोपहर 3 बजे गौशाला वाटिका से भक्ति संगीत, ढोल-नगाड़ों और हरिनाम संकीर्तन के साथ विशाल रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। यात्रा में 36 कौम के लोगों ने एकजुट होकर भाग लिया, जिसने सामाजिक समरसता और भाईचारे का अनूठा संदेश दिया।
रथयात्रा गौशाला वाटिका से रवाना होकर मुख्य बाजार, गोशाला रोड, राधा मंदिर, हनुमान मंदिर, गोल बिल्डिंग, हलवाई बाजार सहित शहर के विभिन्न आवासीय मोहल्लों से होकर निकली। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और प्रसाद वितरित किया। कई स्थानों पर महिलाओं ने रंगोलियां सजाकर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया।

इस धार्मिक आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि शिवगंज और सुमेरपुर के सैकड़ों श्रद्धालु, व्यापारी, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग एक साथ भगवान की भक्ति में लीन नजर आए। पूरे मार्ग पर भक्त नाचते-गाते और भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे शहर पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने भी रथयात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कई व्यापारियों ने श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, फल और प्रसाद की व्यवस्था की। जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए और भगवान जगन्नाथ की आरती कर पुष्पवर्षा की गई।

पुलिस-प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
रथयात्रा के दौरान शिवगंज पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस के जवान पूरे रूट पर तैनात रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया। अधिकारियों ने स्वयं पूरे आयोजन की निगरानी की, जिससे हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
आयोजकों ने पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों और सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह रथयात्रा ऐतिहासिक और सफल रही। भगवान जगन्नाथ की इस भव्य शोभायात्रा ने पूरे शिवगंज को भक्ति, आस्था, सामाजिक एकता और धार्मिक उत्साह के रंग में रंग दिया।


