जयपुर। निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने रविवार को कई नगर निकायों में प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। दौसा जिले की महवा नगर पालिका के 35 वार्डों में से 33 वार्डों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। अब वार्ड नंबर 30 और 31 के प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है।
महवा में कई पुराने चेहरों पर भरोसा
कांग्रेस ने वार्ड नंबर 35 से अजय बोहरा को प्रत्याशी बनाया है। अजय बोहरा 2018 के विधानसभा चुनाव में महवा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार रह चुके हैं। उन्हें 16,452 वोट मिले थे और वे चौथे स्थान पर रहे थे।


अजय बोहरा के चाचा विजय शंकर बोहरा महवा नगर पालिका के चेयरमैन रह चुके हैं। वहीं वार्ड नंबर 21 से पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष नर्बदा देवी गुर्जर के पोते परीक्षित प्रधुमन को टिकट दिया गया है। परीक्षित के चाचा विजेंद्र गुर्जर तंवर पंचायत समिति सदस्य रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी संतोष देवी गुर्जर इसी वार्ड से पहले कांग्रेस पार्षद रह चुकी हैं।
मंडावर में सभी 25 वार्डों में प्रत्याशी घोषित
कांग्रेस ने दौसा जिले की मंडावर नगर पालिका के सभी 25 वार्डों में प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं।

वहीं सीकर जिले की रींगस नगर पालिका में कांग्रेस ने 35 में से 16 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी की है। अब 19 वार्डों में प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है।

चौमूं में 17 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी
इससे पहले कांग्रेस ने चौमूं नगर परिषद के लिए पहली सूची जारी करते हुए 17 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। चौमूं में कुल 45 वार्ड हैं।

पार्टी ने निवर्तमान सभापति विष्णु कुमार सैनी को वार्ड नंबर 24 से टिकट दिया है। दो बार कांग्रेस से पार्षद रह चुके महेश कुमार यादव को वार्ड नंबर 44 से तीसरी बार मौका दिया गया है। वहीं सायरमल माली को दूसरी और राधिका सैनी को लगातार तीसरी बार टिकट दिया गया है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष शैलेंद्र चौधरी को वार्ड नंबर 4 से प्रत्याशी बनाया गया है। उनकी पत्नी ममता चौधरी भी कांग्रेस से पार्षद रह चुकी हैं।
कांग्रेस ने कालाडेरा नगर पालिका के लिए भी 10 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। यहां कुल 20 वार्ड हैं।
बाड़मेर में अब तक 47 वार्डों में प्रत्याशी घोषित
कांग्रेस ने बाड़मेर नगर परिषद के लिए रविवार को दूसरी सूची जारी की, जिसमें 7 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इनमें पूर्व विधायक मेवाराम जैन की करीबी बताई जा रही प्रवीण कुमार को वार्ड नंबर 30 से उम्मीदवार बनाया गया है।

बाड़मेर नगर परिषद के कुल 55 वार्डों में से कांग्रेस अब तक 47 वार्डों में प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। 8 वार्डों में नामों की घोषणा बाकी है। इससे पहले शनिवार रात कांग्रेस ने पहली सूची में 40 वार्डों के प्रत्याशियों के नाम जारी किए थे।


पूर्व सभापति दीपक माली उर्फ दीपक कुमार को एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारा गया है, हालांकि इस बार उनका वार्ड बदल दिया गया है। वे अब वार्ड नंबर 19 से चुनाव लड़ेंगे।
वहीं वकील मुकेश जैन को वार्ड नंबर 26 से टिकट दिया गया है। वे पहले भी कांग्रेस से पार्षद रह चुके हैं और नगर परिषद में प्रतिपक्ष नेता की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
UPSC और RAS की तैयारी कर रहीं युवतियों को भी टिकट
बाड़मेर में कांग्रेस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहीं दो युवतियों को भी टिकट दिया है। अलीशा देव (24) को वार्ड नंबर 25 से और खुशबू आचार्य (25) को वार्ड नंबर 7 से प्रत्याशी बनाया गया है। दोनों पहली बार चुनाव मैदान में उतरेंगी।
नवलगढ़ में कांग्रेस की तीसरी सूची जारी
झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ नगरपालिका के लिए कांग्रेस ने रविवार को तीसरी सूची जारी की। इसमें 5 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए।

इससे पहले शनिवार को कांग्रेस ने दो सूचियां जारी कर 40 वार्डों में प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। पहली सूची में 37 और दूसरी में 3 प्रत्याशियों के नाम शामिल थे।
दूसरी सूची में कांग्रेस ने वार्ड नंबर 1 का प्रत्याशी भी बदल दिया था। यहां आरती कुमारी का टिकट बदलकर पूर्व पार्षद के बेटे कैलाश सैनी को उम्मीदवार बनाया गया है।
निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस की लगातार जारी हो रही प्रत्याशियों की सूचियों के साथ स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां और दावेदारों की सक्रियता भी तेज हो गई है।



