निकाय चुनाव: टिकट बंटवारे को लेकर बीजेपी-कांग्रेस में घमासान, जयपुर में 3-3 नामों का पैनल मांगा

निकाय चुनाव: टिकट बंटवारे को लेकर बीजेपी-कांग्रेस में घमासान, जयपुर में 3-3 नामों का पैनल मांगा

जयपुर में 150 वार्डों पर मंथन, सिविल लाइंस में कार्यकर्ताओं की नारेबाजी; अजमेर, अलवर और जोधपुर में भी दावेदारों ने जताई नाराजगी

जयपुर। प्रदेश में आगामी निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में टिकट वितरण की कवायद तेज हो गई है। जयपुर बीजेपी मुख्यालय में रविवार को जयपुर के 150 वार्डों के संभावित प्रत्याशियों को लेकर मंथन होना था। हालांकि, जयपुर शहर के अधिकतर विधायक सिंगल नाम लेकर बैठक में पहुंचे। इसके बाद संगठन ने नाराजगी जताते हुए बैठक को पोस्टपोन कर दिया और सभी विधायकों को रात 8 बजे तीन-तीन नामों के पैनल के साथ पहुंचने के निर्देश दिए।

जयपुर में बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में मंथन बैठक शुरू होने से पहले सभी नेताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम सुना।

इसके बाद जयपुर के विधायकों के पार्टी मुख्यालय पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

सिविल लाइंस में कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

इससे पहले रविवार सुबह सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधायक गोपाल शर्मा और उनके बेटे ने क्षेत्र के 16 वार्डों में अपने चहेते लोगों को टिकट का आश्वासन दिया है। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया।

अजमेर में प्रियंका चौधरी ने जताई निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात

अजमेर में महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका चौधरी ने कहा कि यदि पार्टी से टिकट मिलता है तो ठीक है, अन्यथा वह वार्ड नंबर 4 से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी। प्रियंका ने कहा कि उन्होंने वार्ड 4 से कांग्रेस की ओर से अपनी दावेदारी पेश की है और जनता उनके साथ है।

परनामी बोले- बैठक में कोई विवाद नहीं हुआ

भरतपुर संभाग की चुनाव संचालन समिति के प्रभारी अशोक परनामी के घर शनिवार को पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव और करौली बीजेपी जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन के बीच कथित विवाद की चर्चा हुई थी।

इस मामले में परनामी ने कहा कि उनके घर हुई बैठक में कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि न तो पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव ने चप्पल दिखाई और न ही जिला अध्यक्ष ने किसी का गला दबाया। उनके अनुसार बैठक में प्रत्याशियों के नाम को लेकर अलग-अलग राय थी। चर्चा के बाद एक नाम पर सहमति बना ली गई।

अलवर में बाहरी प्रत्याशी के विरोध की चेतावनी

अलवर में कांग्रेस की सूची जारी होने से पहले ही कई वार्डों के दावेदार सक्रिय हो गए हैं। रविवार सुबह कई दावेदार कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत के घर पहुंचे। दावेदारों ने कहा कि यदि किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट दिया गया तो उसका विरोध किया जाएगा।

जोधपुर में पैराशूट उम्मीदवार का विरोध

जोधपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 4 के कांग्रेस कार्यकर्ता भी शहर कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने संभावित पैराशूट उम्मीदवार उतारे जाने का विरोध किया और स्थानीय कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग की।

जोधपुर नगर निगम के वार्ड-4 के कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर संभावित पैराशूट प्रत्याशी उतारने का विरोध जताया।

निकाय चुनाव की तारीखों और प्रत्याशियों की अंतिम सूची से पहले ही दोनों प्रमुख दलों में टिकट को लेकर खींचतान तेज हो गई है। अब निगाहें बीजेपी और कांग्रेस की ओर से जारी होने वाली प्रत्याशियों की सूची पर टिकी हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *