बीजेपी का शासन नागरिकों के अपमान और भ्रष्टाचार का दौर: संयम लोढ़ा ने सरकार पर साधा तीखा निशाना

बीजेपी का शासन नागरिकों के अपमान और भ्रष्टाचार का दौर: संयम लोढ़ा ने सरकार पर साधा तीखा निशाना

शिवगंज: पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा ने राज्य की भाजपा सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का मौजूदा कार्यकाल आम नागरिकों के अपमान, अनादर और व्यवस्थागत भ्रष्टाचार का दौर बनकर रह गया है।

बैठक प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अंजना मेघवाल और विधानसभा समन्वयक अश्विनी कुमार की मौजूदगी में आयोजित की गई थी।

अपने ही नेताओं के बयानों से घिरी सरकार: लोढ़ा संयम लोढ़ा ने कहा कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि भाजपा के अपने कार्यकर्ता और नेता निजी कामों के लिए परेशान हैं और सरकार के अधिकारियों के खिलाफ एसीबी में शिकायतें कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं के पूर्व बयानों का हवाला देते हुए कई गंभीर आरोप गिनाए:

  • थानों की नीलामी का आरोप: सुमेरपुर थाने के बाहर धरने के दौरान खुद भाजपा नेताओं ने पुलिस थानों के नीलाम होने की बात कही थी।

  • अधिकारियों पर मासिक बंधी का आरोप: शिवगंज में गोवंश हत्या मामले की सभा में एक भाजपा नेता ने कलेक्टर और एसपी तक पर मासिक बंधी लेने का आरोप लगाया।

  • कानून-व्यवस्था पर सवाल: माउंट आबू में भाजपा महामंत्री गीता अग्रवाल ने सार्वजनिक मंच से कहा था कि आबू नाबालिग लड़कियों के शोषण का अड्डा बन चुका है।

  • नियुक्तियों में लेन-देन: सिरोही में हुई एक बैठक में भाजपा नेताओं ने कोर्ट में सरकारी वकीलों की नियुक्ति में भारी लेन-देन के आरोप लगाए थे।

महंगाई, बेरोजगारी और अपराध चरम पर: अंजना मेघवाल जिला प्रभारी अंजना मेघवाल ने बैठक में कहा कि भाजपा के शासन में देश और प्रदेश दोनों जगह महिलाओं और बच्चों पर अत्याचार बढ़े हैं। महंगाई और बेरोजगारी से आम जन त्रस्त है और सरकार सेवा के हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

शिवगंज पालिका की सभी 35 सीटों पर जीत का लक्ष्य विधानसभा समन्वयक एडवोकेट अश्विनी कुमार ने आगामी शिवगंज नगर पालिका चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने एकजुट होकर धरातल पर काम करने का आह्वान करते हुए पालिका के सभी 35 वार्डों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *