शिवगंज। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिवगंज में आयोजित नगर कांग्रेस कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सभी 35 वार्डों में जीत का लक्ष्य लेकर काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी यह विश्वास दिलाती है कि यदि सभी एकजुट होकर योजनाबद्ध तरीके से काम करें तो नगर निकाय चुनाव में सभी 35 वार्डों में कांग्रेस की जीत संभव है।
वार्ड स्तर पर मजबूत टीम बनाने पर जोर
संयम लोढ़ा ने कहा कि चुनाव केवल नारों से नहीं, बल्कि मजबूत संगठन, जनसंपर्क और जनता के विश्वास से जीते जाते हैं। उन्होंने प्रत्येक वार्ड में वार्ड अध्यक्ष, बूथ कार्यकर्ताओं, बीएलए, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और वरिष्ठ कांग्रेसजनों की संयुक्त टीम बनाकर चुनावी तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया।
उन्होंने मतदाता सूची के अध्ययन, नए मतदाताओं से संपर्क और प्रत्येक परिवार तक कांग्रेस की नीतियां पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

स्थानीय मुद्दों को बनाया जाए चुनाव का आधार
बैठक में लोढ़ा ने कहा कि प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का अलग-अलग सर्वे किया जाए। पेयजल, टूटी सड़कें, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, नालियों की सफाई, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के लिए सुविधाओं जैसे स्थानीय मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाए उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल वोट मांगने नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने वाली पार्टी के रूप में लोगों के बीच जाए।
युवाओं से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की अपील
संयम लोढ़ा ने युवाओं से सोशल मीडिया और घर-घर जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने वार्ड के हर परिवार तक पहुंचने का लक्ष्य तय करे और लोगों की समस्याएं सुनकर उनका विश्वास जीते उन्होंने कहा कि चुनाव का परिणाम मतदान के दिन नहीं, बल्कि उससे कई महीने पहले कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती से तय होना शुरू हो जाता है।
कई नेताओं ने किया संबोधित
बैठक को पूर्व शिवगंज नगर पालिकाध्यक्ष वजिंग राम घांची, नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. हनवंत सिंह मेड़तिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण रावल, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीना, जिला महासचिव कुशल देवड़ा सहित कई कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




