सिरोही। आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने आबूपर्वत एवं आबूरोड क्षेत्र का दौरा कर रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और चुनाव संबंधी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें। साथ ही निर्वाचन से जुड़े कार्यों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ सहित संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

