पाली। नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर चुनावी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर निगम के पार्षद पद के लिए नाम निर्देशन पत्र गुरुवार से जमा होने शुरू होंगे। नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बुधवार को निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों की प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने से लेकर उनकी जांच, आवश्यक दस्तावेजों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई।
सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक लिए जाएंगे नामांकन
नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि राजकीय अवकाश को छोड़कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
65 वार्ड पांच जोन में विभाजित
नगर निगम पाली के कुल 65 वार्डों को पांच जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में निर्धारित वार्डों के पार्षद पद के उम्मीदवारों के नाम निर्देशन पत्र संबंधित रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा प्राप्त किए जाएंगे।
प्रथम जोन में वार्ड संख्या 1 से 13 तक के नामांकन रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह प्राप्त करेंगे।
द्वितीय जोन में वार्ड संख्या 14 से 26 तक के आवेदन विशेषाधिकारी कार्यालय निर्वाचन अधिकारी चौधरी बिरजू गोपाल लेंगे।
तृतीय जोन में वार्ड संख्या 27 से 39 तक के नाम निर्देशन पत्र सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत प्राप्त करेंगे।
चतुर्थ जोन में वार्ड संख्या 40 से 52 तक के आवेदन पाली तहसीलदार सुनील कुमार लेंगे।
वहीं पंचम जोन में वार्ड संख्या 53 से 65 तक के नाम निर्देशन पत्र उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी द्वारा प्राप्त किए जाएंगे।
प्रत्याशियों के लिए हेल्प डेस्क
नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है। यहां उम्मीदवारों को नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि नामांकन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण बैठक में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवेदन पत्रों की जांच, आवश्यक दस्तावेज, प्रत्याशियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न प्रपत्रों तथा निर्वाचन संबंधी नियमों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, ललित कुमार दवे, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, महेंद्र बैरवा, बबलू काठात, प्रमोद प्रजापत, जयपाल सिंह राठौड़ एवं युजवेन्द्र खेमलानी सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

