जोधपुर के कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्र से जुड़े चर्चित मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने आधिकारिक रूप से जांच शुरू कर दी है। मामला युवतियों को कथित रूप से अवैध हिरासत में रखने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा हुआ है। राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने इस मामले को अपने हाथ में लेते हुए नई एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार हाईकोर्ट में दायर याचिका की सुनवाई के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हुए थे। कोर्ट के समक्ष पेश तथ्यों में यह बात सामने आई कि कुछ युवतियों को बिना किसी स्पष्ट शिकायत या पूर्व एफआईआर के थाने में देर रात तक रखा गया। मामले में पुलिस रिकॉर्ड और घटनाक्रम के समय को लेकर भी कई विरोधाभास सामने आए।
हाईकोर्ट ने जब थाने के रिकॉर्ड और रोजनामचा की जांच की तो उसमें कई विसंगतियां बताई गईं। इसके साथ ही पुलिस पर आरोप लगे कि कार्रवाई को सही साबित करने के लिए बाद में दस्तावेज तैयार किए गए और थाने के सीसीटीवी फुटेज के साथ भी छेड़छाड़ की गई। इन परिस्थितियों को गंभीर मानते हुए हाईकोर्ट ने स्थानीय पुलिस की जांच पर असंतोष जताया और मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी।
दरअसल यह पूरा मामला जनवरी 2025 में की गई एक पुलिस कार्रवाई से जुड़ा है। उस समय पुलिस ने सेक्टर-9 स्थित एक मकान में संचालित कथित कॉल सेंटर पर छापेमारी की थी। पुलिस का दावा था कि वहां वाहन सर्विस के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें युवतियां भी शामिल थीं।
हालांकि बाद में युवतियों की ओर से हाईकोर्ट में यह दावा किया गया कि उन्हें पुलिस ने आधिकारिक कार्रवाई दर्ज होने से पहले ही उनके घरों से उठाया था और रातभर थाने में रखा गया। मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे।
अब सीबीआई इस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच करेगी। जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि युवतियों को किन परिस्थितियों में हिरासत में रखा गया, रिकॉर्ड में कथित बदलाव किस स्तर पर हुए और क्या सबूतों के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की गई।
इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस कार्यप्रणाली और महिलाओं से जुड़े मामलों में कानूनी प्रक्रियाओं के पालन को लेकर भी बहस तेज हो गई है। फिलहाल पूरे मामले पर सभी की नजर सीबीआई जांच और आगे आने वाले खुलासों पर टिकी हुई है।




