फलोदी जिले के देचू कस्बे के मुख्य बाजार में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग एक मोबाइल दुकान में लगी और देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। हादसे में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार मुख्य बाजार में स्थित हाजी मोहम्मद खिलजी की मोबाइल दुकान में अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती अनुमान शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि पास की बिजली सामान और कपड़ों की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में भगदड़ जैसे हालात बन गए। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग लगातार फैलती रही। देचू में दमकल वाहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण फलोदी से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दुकानदार अनिल सियाग के अनुसार हादसे में उनकी दुकान का भारी नुकसान हुआ है। आग में बिजली के पंखे, वायर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जल गए। उन्होंने करीब 30 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान बताया है।
घटना के बाद एक बार फिर देचू में दमकल सुविधा नहीं होने का मुद्दा उठने लगा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि कस्बे में बाजार और आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन अब तक स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं की गई। आगजनी की घटनाओं में फलोदी से दमकल आने में समय लग जाता है, जिससे नुकसान कई गुना बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से देचू में जल्द स्थायी दमकल सेवा शुरू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों में समय रहते राहत कार्य किया जा सके।




