बालोतरा जिले में रविवार सुबह भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। आसोतरा गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी श्रद्धालु गुजरात से बाबा रामदेव के दर्शन करने रामदेवरा जा रहे थे। यात्रा के दौरान जब वाहन बालोतरा जिले के आसोतरा गांव के पास भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर पहुंचा, तभी अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और स्कॉर्पियो सड़क पर कई बार पलटती चली गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लंबी दूरी की यात्रा के कारण चालक को नींद की झपकी आ गई थी। इसी वजह से तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो गया और एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ चुके थे और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा रुका। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन में सवार तीन लोग उछलकर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।





