NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा; आरोपी की बेटी मेडिकल कॉलेज से गायब

NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा; आरोपी की बेटी मेडिकल कॉलेज से गायब

पेपर लीक के मुख्य आरोपियों में शामिल मांगीलाल बिंवाल की बेटी प्रगति बिंवाल यहां एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा है। लेकिन जैसे ही CBI ने शिकंजा कसना शुरू किया, प्रगति कॉलेज से छुट्टी लेकर गायब हो गई। प्रगति ने 13 मई को 20 मई तक अवकाश के लिए आवेदन दिया था, लेकिन इसके बाद से वह कॉलेज नहीं पहुंची है। बताया जा रहा है कि जमवारामगढ़ स्थित उसके घर पर भी वह मौजूद नहीं है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह CBI जांच से बचने के लिए कहीं छिपी हुई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, प्रगति को वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान राजस्थान बोर्ड द्वारा प्रमोट किया गया था, जिसमें उसे करीब 90 प्रतिशत अंक मिले थे। वहीं, NEET-2025 में उसके 720 में से 385 अंक आए और SC श्रेणी में उसका चयन हो गया। अब CBI वर्ष 2021 से 2025 तक उसके सभी शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

CBI अब बिंवाल परिवार के उन सभी बच्चों की जांच कर रही है, जिनका पिछले कुछ वर्षों में मेडिकल कॉलेजों में चयन हुआ है। यह आंकड़ा जांच एजेंसी को भी चौंकाने वाला लग रहा है।

प्रगति बिंवाल- दौसा मेडिकल कॉलेज (MBBS प्रथम वर्ष)
विकास बिंवाल- सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज
सानिया- SMS मेडिकल कॉलेज, जयपुर
पलक- मुंबई के मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत
गुंजन- वाराणसी से मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रही है

जांच एजेंसी को संदेह है कि क्या इन सभी का चयन पारदर्शी तरीके से हुआ या फिर इनके पीछे भी पेपर लीक नेटवर्क की भूमिका रही। CBI दिनेश बिंवाल के फरार बेटे ऋषि की तलाश में भी जुटी हुई है, जो इस वर्ष NEET परीक्षार्थी था। जांच टीम ने घर के पास बने फार्महाउस और वहां खड़ी लग्जरी गाड़ियों की भी तलाशी ली। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

2026 NEET पेपर लीक मामले में CBI की जांच तेज
2026 NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो की कार्रवाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पेपर लीक की साजिश महीनों पहले ही रच ली गई थी। सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपियों को दीपावली के समय ही यह भरोसा दिलाया गया था कि इस बार NEET का पेपर उपलब्ध करा दिया जाएगा। CBI ने इस मामले में जयपुर से चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मांगीलाल बिंवाल, दिनेश बिंवाल, हरियाणा निवासी यश यादव और मांगीलाल का बेटा विकास शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *