पोसालिया (सिरोही): पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी मिसाल पेश करते हुए ‘ग्रीन आर्मी मैन’ के नाम से प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने 1 करोड़ 11 लाख सीड बॉल बनाने का ऐतिहासिक संकल्प पूरा कर लिया है। पोसालिया हाईवे पर आयोजित भंडारे के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने अपनी टीम के साथ राजस्थान सरकार के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और सिरोही-जालोर सांसद लुंबाराम चौधरी से मुलाकात कर उन्हें देशी बीजों की उपलब्धता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ज्ञापन सौंपा।
‘घर का बीज, जंगल पहुँचाओ’ महाअभियान ओमप्रकाश कुमावत ने बताया कि वे ‘एक व्यक्ति एक पौधा मिशन राजस्थान’ के तहत ‘घर का बीज, जंगल पहुँचाओ महाअभियान’ चला रहे हैं।
-
1.11 करोड़ सीड बॉल: इस महाअभियान के तहत 1 करोड़ 11 लाख सीड बॉल तैयार करने का लक्ष्य सफलता पूर्वक पूरा किया जा चुका है।
-
70 से अधिक स्कूल जुड़े: अभियान से अब तक 70 से ज्यादा विद्यालय जुड़ चुके हैं और यह महाअभियान आगामी 5 वर्षों तक लगातार संचालित किया जाएगा।
-
देशी बीजों की मांग: कुमावत ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अभियान को और अधिक गति देने के लिए स्थानीय व देशी प्रजातियों के बीजों की जरूरत है, ताकि बड़े पैमाने पर सीड बॉल बनाकर जंगलों व खाली क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाई जा सके।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई, कई गणमान्य लोग रहे मौजूद राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और सांसद लुंबाराम चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण के इस बड़े भागीरथी प्रयास के लिए ओमप्रकाश कुमावत और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए बधाई दी।
इस दौरान 1008 रामनाथ महाराज (गादीपति, खंदरा), समाजसेवी हम्मीर सिंह राव, सेवानिवृत्त वनपाल पन्नालाल (वेराजेतपुरा), भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरपत सिंह राडबर, समाजसेवी शैतान सिंह राडबर, पोसालिया भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप परमार, राहुल देवासी और लक्ष्मण कुमार चुली सहित कई पर्यावरण प्रेमी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रकृति संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

