पाली NSUI की नई जिला कार्यकारिणी घोषित, 96 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

पाली NSUI की नई जिला कार्यकारिणी घोषित, 96 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

पाली। राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के निर्देशानुसार पाली जिला NSUI की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह जाखोड़ा एवं कार्यकारी जिलाध्यक्ष गणपत पटेल द्वारा जारी कार्यकारिणी में जिलेभर के सक्रिय, संघर्षशील एवं छात्र हितों के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन की विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

नई कार्यकारिणी में 17 जिला उपाध्यक्ष, 39 जिला महासचिव एवं 40 जिला सचिव सहित कुल 96 पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। जिला उपाध्यक्ष पद पर भरत सिंह भाटी, भरत चौधरी, राकेश गहलोत, चैनसिंह भाटी, सुनील कुमावत सहित अन्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जिला महासचिव पद पर प्रकाश पटेल, कुशाल चौहान, नरेश मीणा, साहिल तेजी, प्रकाश देवासी सहित अन्य साथियों को नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जिला सचिव पद पर रमेश पटेल, श्रवण कंसारा, मुकेश मेघवाल, सुखदेव पटेल सहित अन्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्व सौंपे गए हैं।

छात्र हितों के लिए संघर्ष का संकल्प

कार्यकारी जिलाध्यक्ष गणपत पटेल ने कहा कि यह केवल संगठनात्मक नियुक्ति नहीं, बल्कि छात्र हितों की रक्षा और शिक्षा के अधिकार के लिए संघर्ष का संकल्प है। उन्होंने कहा कि नई टीम छात्रवृत्ति, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा परिणाम, रोजगार, महिला सुरक्षा, पुस्तकालय, छात्रावास, खेल सुविधाओं और महाविद्यालयों की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी तथा उनके समाधान के लिए प्रशासन के समक्ष मजबूती से आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने कहा कि NSUI देश का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक छात्र संगठन है, जिसने हमेशा विद्यार्थियों के अधिकारों की लड़ाई को प्राथमिकता दी है। नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों से संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, अनुशासन और सक्रियता के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी की आवाज बनने की अपेक्षा की गई है।

सदस्यता अभियान और छात्र संवाद पर रहेगा फोकस

जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह जाखोड़ा ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। आने वाले समय में जिलेभर में सदस्यता अभियान, छात्र संवाद, महाविद्यालय स्तरीय जनसंपर्क अभियान तथा छात्र हितों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन का लक्ष्य पाली जिले के प्रत्येक महाविद्यालय तक NSUI को और अधिक मजबूत बनाना है।

नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं एवं छात्र नेताओं में उत्साह का माहौल है। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का संकल्प लिया।

अंत में कार्यकारी जिलाध्यक्ष गणपत पटेल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम संगठन की अपेक्षाओं पर खरी उतरते हुए पाली जिले में NSUI को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी और छात्र हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *