ब्यावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर से 181 पेटी अवैध शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

ब्यावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर से 181 पेटी अवैध शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

ब्यावर। ब्यावर जिले की रायपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 125 पेटी बीयर और 56 पेटी अंग्रेजी शराब, कुल 181 पेटी अवैध शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिलने पर रायपुर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रेलर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रेलर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही ट्रेलर और शराब की खेप को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान त्रिलोक सिंह (22) पुत्र डूंगरसिंह, निवासी साकेत नगर, पदमपुरा, ब्यावर के रूप में हुई है।

पूछताछ में नहीं दे सका संतोषजनक जवाब

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अवैध शराब के परिवहन से जुड़े दस्तावेज या कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

शराब की खेप कहां से आई, किसे पहुंचाई जानी थी, जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भी तलाश की जा रही है।

ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *