माउंट आबू (सिरोही)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को होटल एसोसिएशन ऑफ माउंट आबू की ओर से अशोक वाटिका में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 50 से अधिक पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) डॉ. अंशु प्रिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने स्वयं एक पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और अधिक से अधिक लोगों से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राम किशोर मेहता ने भी पौधारोपण किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और होटल एसोसिएशन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने होटलों के नाम से पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
शहरभर में चलेगा वृक्षारोपण अभियान
होटल एसोसिएशन ऑफ माउंट आबू के सुधीर जैन ने बताया कि यह अभियान केवल अशोक वाटिका तक सीमित नहीं रहेगा। एसोसिएशन शहर के अन्य खाली एवं उपयुक्त स्थानों की पहचान कर वहां भी नियमित रूप से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगा।
उन्होंने बताया कि इसके लिए विभिन्न स्थानों का सर्वेक्षण किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाई जा सके और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।




