जोधपुर। शहर के पावटा-बी रोड स्थित सोना मेडिहब हॉस्पिटल में बुधवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अस्पताल की चार मंजिला इमारत के प्रथम तल स्थित जनरल वार्ड में लगी, जो कुछ ही देर में दूसरे और तीसरे तल तक फैल गई। समय रहते मरीजों को बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:15 बजे अस्पताल के एसी डक्ट से धुआं निकलने लगा और फायर अलार्म बज उठा। आग लगने के समय जनरल वार्ड में आठ मरीज भर्ती थे। अस्पताल प्रशासन और स्टाफ ने तुरंत रेस्क्यू शुरू कर सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अस्पताल के मालिक डॉ. अजय परिहार ने बताया कि प्राथमिक जांच में एसी डक्ट में बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के 10 से 12 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
आग लगने के बाद वार्ड में भर्ती दो मरीजों को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया, जबकि अन्य छह मरीजों को सामने स्थित सनसिटी हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। मरीजों को सुरक्षित निकालने के दौरान धुएं के कारण नर्सिंग स्टाफ सीमा बेहोश हो गई, जिन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्पताल भवन के बाहरी हिस्से में लगे एसी यूनिट्स में आग दिखाई दी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने अंदर मौजूद मरीजों और स्टाफ को सतर्क कर बाहर निकालने में मदद की।

महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया तथा सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। दमकल कर्मियों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
फायरमैन सरवन कस्वां और रोहित चौधरी ने बताया कि जब दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं तब तक आग की लपटें दूसरे और तीसरे तल तक फैल चुकी थीं। हालांकि समय रहते कार्रवाई से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।




