देशभर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को हाल ही में महंगाई का झटका लगा है। केंद्र सरकार ने 7 जून से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए की बढ़ोतरी की थी। रविवार को गैस सिलेंडर के दाम स्थिर रहे और किसी प्रकार का नया बदलाव नहीं किया गया।
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और मध्य पूर्व क्षेत्र में गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंकाओं के चलते एलपीजी की कीमतों में वृद्धि की गई है। वहीं इस महीने की शुरुआत में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी करीब 42 से 54 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई थी।
विशेषज्ञों के अनुसार भारत में एलपीजी गैस की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति के आधार पर तय होती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ता है।
हालांकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को राहत मिल रही है। योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति सिलेंडर 300 रुपए की सब्सिडी सीधे उनके खाते में दी जाती है। ऐसे में जहां सामान्य उपभोक्ताओं को करीब 942 रुपए में घरेलू सिलेंडर मिल रहा है, वहीं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को यह सिलेंडर लगभग 642 रुपए में उपलब्ध हो रहा है।
उपभोक्ता घर बैठे अपनी गैस कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से गैस सिलेंडर के ताजा रेट की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर भी कीमतों की जानकारी ली जा सकती है।
प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम (14.2 किलोग्राम):
- दिल्ली – 942 रुपए
- मुंबई – 941.50 रुपए
- कोलकाता – 968 रुपए
- चेन्नई – 957.50 रुपए
- जयपुर – 945.50 रुपए
- लखनऊ – 979.50 रुपए
- पटना – 1031.50 रुपए
- अमृतसर – 983 रुपए
- गुवाहाटी – 991 रुपए
एलपीजी कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है, जबकि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी के कारण कुछ राहत मिल रही है।




