जोधपुर के मथानियां थाना क्षेत्र में शनिवार को एक पत्थर कटिंग फैक्ट्री में घुसकर हमला करने और कथित फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना के बाद फैक्ट्री संचालक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब 10 लोग लाठी, सरिये, लोहे के पाइप और अन्य हथियारों के साथ फैक्ट्री परिसर में पहुंचे। आरोपियों ने फैक्ट्री का गेट तोड़ दिया और वहां खड़े वाहन को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद गणपतसिंह पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
परिवादी के अनुसार जान बचाने के लिए वह एक कमरे में छिप गए, जहां आरोप है कि उन पर फायरिंग की गई। इस दौरान फैक्ट्री स्टाफ सदस्य शेरू खान के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
फैक्ट्री संचालक ने दावा किया है कि पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हुई है, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस से हत्या के प्रयास, फायरिंग, तोड़फोड़, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल मथानियां थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

