
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जोधपुर में छात्रों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर जमकर जश्न मनाया। छात्रों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचकर और नारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की। वहीं जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने भी पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर इस्तीफे पर खुशी जताई।
हालांकि छात्रों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है। छात्र नेता वासुदेव व्यास ने कहा कि यह उनके संघर्ष की शुरुआत मात्र है। जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने इसे देशभर के छात्र-युवा संघर्ष की बड़ी जीत बताया।

छात्रों ने कहा- सिर्फ इस्तीफे तक सीमित नहीं आंदोलन
छात्रों का कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा आंदोलन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन उनका संघर्ष केवल एक व्यक्ति के पद छोड़ने तक सीमित नहीं था। उनकी मुख्य मांगें शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, पेपर लीक मामलों के दोषियों पर सख्त कार्रवाई, छात्रों को न्याय और परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर हैं।
छात्रों ने कहा कि जब तक इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
धरने में शामिल देव चौहान ने बताया कि आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा लगातार इससे जुड़े और शिक्षा के अधिकार व भविष्य को लेकर अपनी आवाज बुलंद करते रहे।
जोधपुर में आंदोलन को मजबूत बनाने में गोवर्धन व्यास, काव्या, प्रिया भंडारी, हर्ष और शोएब सहित कई छात्रों ने सक्रिय भूमिका निभाई। छात्रों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जरूरी सुधार लागू होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस ने निकाला मार्च, बांटी मिठाइयां
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने भी कार्यक्रम आयोजित किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाकर और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। साथ ही आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया।
जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा ने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान की जीत है। उन्होंने कहा कि सरकार को अब शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं दोबारा सामने न आएं।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, रमेश बोराणा, पूर्व महापौर कुंती देवड़ा, इंजीनियर शहजाद, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश जोशी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संजय गौड ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए।

