मलसीसर गांव में नाबालिग छात्र को लाठी-डंडों से पीटा, महज एक रुपये बस किराये पर हुआ विवाद

मलसीसर गांव में नाबालिग छात्र को लाठी-डंडों से पीटा, महज एक रुपये बस किराये पर हुआ विवाद

हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र के मलसीसर गांव में बस किराये के महज एक रुपये को लेकर एक नाबालिग छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले को लेकर इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार घटना 8 मई की है। मलसीसर गांव का रहने वाला 16 वर्षीय किशोर भादरा से अपने गांव लौट रहा था। उसने बस किराये के लिए 10 रुपये दिए थे, लेकिन एक रुपये को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि किराये के पूरे पैसे नहीं होने को लेकर गांव के ही भगवानाराम महिया से विवाद बढ़ गया।

पीड़ित के पिता ने 8 मई की रात मलसीसर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार भगवानाराम ने अपने साथियों को फोन कर मलसीसर बस स्टैंड पर बुला लिया। जैसे ही बस गांव के अड्डे पर पहुंची, छात्र को नीचे उतार लिया गया और उसके साथ लाठी-डंडों तथा थप्पड़ों से बेरहमी से मारपीट की गई।बीच सड़क हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल किशोर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका इलाज हिसार के एक अस्पताल में चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। देर रात पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार भगवानाराम, चुन्नीराम और मानसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *