श्याम मित्र मण्डल की रजत जयंती पर निकली भव्य खाटू श्याम रथ यात्रा, आज होगी विशाल भजन संध्या

श्याम मित्र मण्डल की रजत जयंती पर निकली भव्य खाटू श्याम रथ यात्रा, आज होगी विशाल भजन संध्या

सुमेरपुर/शिवगंज। श्याम मित्र मण्डल चैरिटेबल ट्रस्ट, सुमेरपुर-शिवगंज के सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दो दिवसीय रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के प्रथम दिन 6 जून को भगवान खाटू श्याम जी की भव्य रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखने लायक रही।

रथ यात्रा का शुभारंभ सुमेरपुर स्थित श्रीराम मंदिर से हुआ। यात्रा में डीजे, बैंड, सजे-धजे घोड़े, ऊंट, ऊंटगाड़ियां, भगवान खाटू श्याम जी का आकर्षक रथ, लगभग 100 दोपहिया वाहन तथा 25 से अधिक कारें शामिल रहीं। बाबा श्याम का सुसज्जित रथ पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

यात्रा सुमेरपुर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए छावनी नगर पहुंची तथा वहां भ्रमण के बाद शिवगंज नगर में विभिन्न मार्गों से निकाली गई। मार्ग में कई स्थानों पर समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत, मेजबानी एवं जलपान की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बाबा श्याम का स्वागत किया और “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शिवगंज नगर भ्रमण के पश्चात रथ यात्रा पुनः श्रीराम मंदिर, सुमेरपुर पहुंची, जहां बाबा श्याम की महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में श्याम मित्र मण्डल के पदाधिकारियों, मण्डल सदस्यों एवं श्याम युवा मित्र मण्डल के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

महोत्सव के दूसरे दिन 7 जून को शिक्षा क्रांति रंगमंच पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बाहर से आए ख्यातिप्राप्त भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

भजन संध्या की तैयारियों में अर्जुन अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, महेश अग्रवाल, महेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, राम अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, वंश अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, संजू शर्मा, अक्षय अग्रवाल, रामलाल जी, शंकरलाल अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। रजत जयंती महोत्सव को लेकर सुमेरपुर एवं शिवगंज क्षेत्र के श्याम भक्तों में भारी उत्साह का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं से भजन संध्या में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *