शिवगंज (सिरोही)। शहर के मुख्य बाजार में शुक्रवार अलसुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया।
मृतक की पहचान सिकंदर खां (निवासी बालवाड़ा, जिला जालोर) के रूप में हुई है। वह मुख्य बाजार स्थित जोधपुर कचोरी की दुकान पर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि वर्तमान में वह अपने ससुराल पोसालिया में रह रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिकंदर खां दुकान के ऊपर धूप और बारिश से बचाव के लिए पर्दा बांधने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन विद्युत लाइन में करंट होने के कारण कोई भी तुरंत युवक के पास नहीं पहुंच सका। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि करीब आधे घंटे बाद युवक के शव को नीचे उतारा जा सका।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद भी काफी देर तक विद्युत सप्लाई बंद नहीं करवाई गई, जिससे बचाव कार्य में देरी हुई और लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि समय पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती तो राहत कार्य तेजी से किया जा सकता था।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गई। लोगों का यह भी आरोप है कि हादसे की सूचना मिलने के बावजूद काफी देर तक न तो कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, न विद्युत विभाग का जिम्मेदार अधिकारी और न ही पुलिस का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचा।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, खुले विद्युत तारों और विभागीय जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।








