सुमेरपुर। श्री श्याम मित्र मंडल अरावली चैरिटेबल ट्रस्ट सुमेरपुर-शिवगंज के तत्वावधान में शहर स्थित शिक्षा क्रांति रंगमंच में आयोजित रजत जयंती महोत्सव का समापन रविवार रात्रि भव्य भजन संध्या के साथ हुआ। “एक शाम खाटू श्याम के नाम” कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा श्याम की भक्ति का रसपान किया और देर रात तक भजनों पर झूमते रहे।
कार्यक्रम में संत श्री प्रकाशदास महाराज ने अपनी मधुर वाणी और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं भजन कलाकार इतिशा अग्रवाल, पंडित संजय शर्मा एवं पंडित ग्यारसीलालजी महाराज ने भी एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा पांडाल गूंज उठा।

भजन संध्या के दौरान “डम-डम डमरू भोलेनाथ तेरी महिमा” तथा “नगर में जोगी आयो, घर-घर अलख जगायो” जैसे भजनों पर श्रद्धालु नृत्य करते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
रजत जयंती महोत्सव के समापन अवसर पर सुमेरपुर, शिवगंज एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में श्याम भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम के दर्शन कर परिवार, समाज एवं देश की खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष अर्जुन अग्रवाल, महामंत्री रमेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष महेश अग्रवाल, संयोजक राकेश अग्रवाल, संयोजक जितेंद्र अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, राम अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, वंश अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, महेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, संजू शर्मा, अक्षय अग्रवाल, रामलाल जी, शंकरलाल अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए चाय-पानी की विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति के सदस्य एवं स्वयंसेवक पूरे समय व्यवस्थाओं में जुटे रहे। वहीं कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करता रहा।
रजत जयंती महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित इस भव्य भजन संध्या ने श्रद्धालुओं के मन में गहरी आध्यात्मिक छाप छोड़ी। कार्यक्रम के समापन पर बाबा श्याम की महाआरती की गई तथा जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा शिक्षा क्रांति रंगमंच गूंज उठा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं, कलाकारों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।








