नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब एक युवक हाथ में ‘हिट’ स्प्रे लेकर प्रदर्शन स्थल के बाहर पहुंच गया और संगठन के प्रतीक चिह्न पर स्प्रे छिड़ककर विरोध दर्ज कराने लगा। इस दौरान उसने सीजेपी और उसके समर्थकों पर सवाल उठाते हुए आंदोलन की लोकप्रियता पर भी निशाना साधा।
‘2 करोड़ फॉलोअर्स कहां हैं?’
विरोध कर रहे युवक ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर संगठन के करोड़ों समर्थक होने की बात कही जाती है, लेकिन जंतर-मंतर पर अपेक्षित भीड़ नजर नहीं आ रही है। उसने कहा, “अगर दो करोड़ फॉलोअर्स हैं तो वे आखिर कहां हैं?” युवक ने आंदोलन को “फ्लॉप शो” बताते हुए इसके उद्देश्यों पर भी सवाल उठाए।
‘भारत को नेपाल-बांग्लादेश नहीं बनने देंगे’
प्रदर्शन का विरोध कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि यह आंदोलन देश को गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि वे भारत को नेपाल या बांग्लादेश जैसी स्थिति में नहीं जाने देना चाहते। विरोध करने वालों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका किसी राजनीतिक दल, भाजपा या किसी अन्य संगठन से कोई संबंध नहीं है।
आमने-सामने आए समर्थक और विरोधी
स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब विरोध कर रहे लोगों के सामने सीजेपी समर्थक भी पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे के दावों और मंशाओं पर सवाल उठाते रहे। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और किसी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया।
छात्रों के भविष्य का मुद्दा बता रहे प्रदर्शनकारी
सीजेपी समर्थकों का कहना है कि उनका आंदोलन छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, सरकार शिक्षा व्यवस्था और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों की अनदेखी कर रही है। उनका कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
अभिजीत दीपके के नेतृत्व में जारी है प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी का यह प्रदर्शन संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर आयोजित किया जा रहा है। संगठन का दावा है कि उसे प्रदर्शन की अनुमति प्राप्त है और वह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाना चाहता है।
राजधानी में हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर बढ़ा दी गई है। जंतर-मंतर के अलावा मध्य दिल्ली, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों और दिल्ली की सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
सूत्रों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की करीब 40 कंपनियां तैनात की गई हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी, अतिरिक्त डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।




