बाड़मेर में युवक-युवती को रातभर बंधक बनाने का मामला ग्रामीणों ने युवक के बाल, दाढ़ी और भौहें काटीं, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में

बाड़मेर में युवक-युवती को रातभर बंधक बनाने का मामला ग्रामीणों ने युवक के बाल, दाढ़ी और भौहें काटीं, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में

बाड़मेर जिले के एक गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आधी रात एक युवक और युवती को साथ देखकर कुछ ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और घंटों तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान युवक के साथ मारपीट और अपमानजनक हरकत करने का आरोप है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घटना 12 मई की देर रात की बताई जा रही है। युवक दूसरे गांव से युवती से मिलने आया था। दोनों गांवों के बीच करीब 30 किलोमीटर से अधिक दूरी बताई जा रही है। देर रात दोनों गांव के बाहरी इलाके में बैठे बातचीत कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए।

आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया और कई घंटों तक दोनों को जाने नहीं दिया। इस दौरान युवक को सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए उसके सिर के एक तरफ के बाल काट दिए गए। साथ ही दाढ़ी, मूंछ और यहां तक कि भौहों के बाल भी काट दिए गए।

घटना के दौरान युवती लगातार दोनों को छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों ने किसी की नहीं सुनी। बताया जा रहा है कि दोनों को रातभर रोके रखा गया और सुबह करीब छह बजे युवक को वहां से जाने दिया गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीडियो में नजर आ रहे युवक और युवती की पहचान कर ली गई है और संबंधित लोगों से संपर्क किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के साथ जबरन बदसलूकी और मानसिक प्रताड़ना की गई। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में इस तरह कानून हाथ में लेने की मानसिकता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में किसी व्यक्ति को बंधक बनाना और इस तरह अपमानित करना गंभीर अपराध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *