सुमेरपुर शहर में सीवरेज रिपेयर कार्य के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर के व्यस्त इलाके मानसरोवर होटल के पास गटर का गंदा पानी खुलेआम सड़क और दुकानों के बाहर छोड़ दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू और गंदगी का माहौल बन गया है।
दिनभर सड़क पर बहते गंदे पानी के कारण दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू इतनी ज्यादा है कि आसपास के व्यापारियों और ग्राहकों का वहां रुकना तक मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि गंदे पानी के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवरेज रिपेयर कार्य बिना किसी उचित योजना और सुरक्षा व्यवस्था के किया जा रहा है। न तो गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की गई और न ही क्षेत्र में सफाई या दवाई छिड़काव जैसी कोई व्यवस्था नजर आई। ऐसे में आमजन सीधे तौर पर इस लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं।
क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं दोपहिया वाहन चालक और पैदल चलने वाले लोग भी गंदे पानी से बचते नजर आए। कई जगह सड़क पर फिसलन जैसी स्थिति भी देखने को मिली।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर शहर के बीचोंबीच इस तरह गटर का गंदा पानी छोड़ने की अनुमति किसने दी? क्या संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी आमजन की परेशानियों से पूरी तरह अनजान हैं या फिर जानबूझकर लापरवाही बरती जा रही है?
शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो गर्मी के मौसम में हालात और बिगड़ सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से तुरंत सफाई करवाने, गंदे पानी की उचित निकासी करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर आमजन को इसी बदबू और गंदगी के बीच जीने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।








