उदयपुर में 1 लाख की घूस लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार, दुष्कर्म के प्रयास का केस दबाने के लिए मांगी रिश्वत

उदयपुर में 1 लाख की घूस लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार, दुष्कर्म के प्रयास का केस दबाने के लिए मांगी रिश्वत

राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम लगातार घूसखोरों पर शिकंजा कस रही है. इसी अभियान के तहत रविवार को उदयपुर एसीबी ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया. टीम ने शहर के प्रतापनगर थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सुनील बिश्नोई को 1 लाख रुपए की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों दबोच लिया.

मुकदमा न दर्ज करने की एवज में मांगी थी मोटी रकम

यह पूरा मामला बेहद गंभीर है. आरोपी एएसआई सुनील बिश्नोई ने एक पीड़ित से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में मुकदमा दर्ज नहीं करने के बदले में यह मोटी रकम मांगी थी. आरोपी पुलिसकर्मी द्वारा पीड़ित को लगातार धमकाया जा रहा था कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो अंजाम बुरा होगा. परेशान होकर पीड़ित ने इस बात की शिकायत एसीबी को दी.

रिसोर्ट की पार्किंग में बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने सबसे पहले मामले का गोपनीय सत्यापन करवाया. सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि सही पाई गई. इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया.

आरोपी एएसआई ने परिवादी को रिश्वत के रुपए देने के लिए शहर के शोभागपुरा स्थित ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग में बुलाया था. जैसे ही परिवादी ने आरोपी सुनील बिश्नोई को 1 लाख रुपए सौंपे, वैसे ही वहां पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. भ्रष्टाचार के इस मामले में एसीबी अब आगे की कानूनी जांच और पूछताछ में जुटी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *