कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी मनोज कुमार शर्मा हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस हिरासत में ली गई पत्नी दीपिका से पूछताछ में सामने आया है कि उसने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
दरअसल, कोटा के आर पुरम थाना इलाके के आंवली रोजड़ी क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड फौजी मनोज कुमार शर्मा की गुरुवार रात गला दबाकर हत्या कर दी गई. शव घर में पलंग पर पड़ा हुआ था. आरोप है कि इस वारदात को अंजाम देने में उसकी पत्नी दीपिका, उसका प्रेमी देवेश और एक अन्य साथी शामिल थे. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले ही बच्चों को घर की ऊपरी मंजिल पर सुला दिया था, ताकि उन्हें वारदात की भनक न लगे. इसके बाद नीचे शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ और गला दबाकर हत्या कर दी गई
बता दें कि गुरुवार रात आवंली रोजड़ी क्षेत्र में मनोज शर्मा का शव घर के पलंग पर मिला था। शुरुआत में मौत को सामान्य बताने की कोशिश की गई, लेकिन पड़ोसियों को कुछ शक हुआ। अजमेर से पहुंचे मृतक के पिता ने गले पर निशान देखे तो पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।
पुलिस ने मामले में पत्नी दीपिका और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी देवेश फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस अब मोबाइल डेटा व अन्य सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
मृतक मनोज शर्मा करीब 5 साल पहले सेना से रिटायर हुआ था और वर्तमान में अजमेर डिस्कॉम में कार्यरत था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है और परिजन पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।








