पाली, 08 अप्रैल। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को ग्राम पंचायत गुंदोज स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बालिकाओं की सुरक्षा, विधिक जागरूकता एवं डिजिटल सुरक्षा विषय पर तृतीय दिवस का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत पन्नाधाय केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास एवं सखी वन स्टॉप सेंटर से देवी बामनिया द्वारा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता शारीरिक शिक्षा अध्यापक नीतू दहिया एवं अनीता ने की।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर की जानकारी देते हुए 181 महिला हेल्पलाइन नंबर तथा सखी केंद्र पर उपलब्ध पांच प्रकार की सुविधाओं के बारे में बताया गया। कालिका पेट्रोलियम टीम के भजना द्वारा साइबर क्राइम से बचाव, आपातकालीन सेवा 112 तथा राजकोप सिटीजन ऐप के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर योगेंद्र ने बाल विवाह से जुड़े दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाहों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जीएसवीएस से धन्नाराम ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए विधिक जागरूकता संबंधी जानकारी दी, जबकि पारस थानवी ने 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में बताया। सुपरवाइजर पिंकी मीणा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बालिकाओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा बाल विवाह मुक्त राजस्थान के संदेश से अवगत कराया।

इस अवसर पर बालिकाओं के बीच चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, बाल विवाह उन्मूलन, डिजिटल सुरक्षा और सशक्त नारी-शिक्षित समाज का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान भी घोषित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया तथा उन्हें शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, वरिष्ठ अध्यापक लालाराम चौधरी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं लगभग 200 बालिकाएं उपस्थित रही।











