रबी-2026 के अन्तर्गत सरसों एवं चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए जोधपुर संभाग में 20 मार्च से रजिस्ट्रेशन व 01 अप्रेल से होगी खरीद

पाली, 13 मार्च।  सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो जाने के बाद राजफेड द्वारा रबी 2026 के अन्तर्गत सरसों एवं चना की समर्थन मूल्य पर खरीद शीघ्र शुरू की जानी है। उन्होंने बताया है कि जोधपुर संभाग में ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 20 मार्च एवं खरीद 1 अप्रेल से शुरू होगी।
सहकारिता राज्य मंत्री दक ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6200 रू. प्रति क्विंटल एवं चना का समर्थन मूल्य 5875 रू. प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। खरीद की निर्धारित सीमा जिलेवार ऑनलाईन उपलब्ध करवा दी गई है। जोधपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले जिलों में एनसीसीएफ द्वारा खरीद कार्य करवाया जायेगा।
सहकारिता मंत्री ने बताया है कि सरसों एवं चना विक्रय के इच्छुक किसान स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा ई-मित्र के माध्यम से पंजीकरण करवा सकेंगे। समर्थन मूल्य पर खरीद किसानों की आधार आधारित बायोमेट्रिक पहचान के माध्यम से ही की जाएगी। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार एनसीसीएफ के लिए समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिवस की अवधि में की जाएगी। सहकारिता मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि खरीद केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कर ली जाए।
उन्होनें कहा कि किसान पूर्व की भांति एफएक्यू गुणवता मापदण्डों के अनुरूप अपनी फसल क्षेत्र की क्रय-विक्रय अथवा ग्राम सेवा सहकारी समिति केन्द्र पर विक्रय कर सकेंगे। किसान भाइयों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए राजफेड में कॉल सेन्टर 18001806001 स्थापित किया गया है। उन्होने किसानों से अनुरोध किया कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरा कर तथा छानकर क्रय केन्द्रो पर लाएं ताकि गुणवत्ता मापदण्डों के अनुरूप जिंस विक्रय कर सकें।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *