राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 15 से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे

पाली, 13 मार्च।  राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिले में 15 से 19 मार्च 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास तथा विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार 15 मार्च को प्रातः 8.30 बजे “विकसित रन रैली” का आयोजन किया जाएगा। यह रैली डिस्ट्रिक्ट क्लब पाली से प्रारम्भ होकर अम्बेडकर सर्किल होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त होगी। रैली में विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, एनसीसी, स्काउट तथा युवा संगठनों के प्रतिभागी भाग लेंगे। इस अवसर पर “राजस्थान को जानो” डिजिटल क्विज का पंजीकरण एवं शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही महाविद्यालयों में राजस्थान की विकास यात्रा पर निबंध, विकसित राजस्थान-2047 विषय पर भाषण तथा राजस्थान के गौरवमयी इतिहास एवं संस्कृति पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त उद्योग विभाग कार्यालय में ओडीओपी मेला एवं टेक्सटाइल से संबंधित प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया जाएगा।
16 मार्च को राजस्थानी जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बाली से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे जिले के नागरिकों को जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं से अवगत कराया जाएगा।
17 मार्च को राजस्थान युवा शक्ति दिवस के अवसर पर नवीन रोजगार लाभान्वित युवाओं को जयपुर भेजा जाएगा। इसी दिन “राजस्थान को जानो” क्विज का जिला स्तरीय कार्यक्रम एम.एस. कांवड़ इंटरनेशनल स्कूल, पाली में आयोजित किया जाएगा।
18 मार्च को राजकीय मंदिरों में आरती कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा सोमनाथ मंदिर पाली में सायंकाल विशेष आरती की जाएगी। साथ ही किसान एवं पशुपालन समृद्धि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा तथा कृषि एवं पशुपालन विभाग के लाभार्थियों को इससे जोड़ा जाएगा।
19 मार्च को राजस्थान दिवस मुख्य समारोह के अंतर्गत जालोर में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में जिले से लाभार्थियों को भेजा जाएगा। इसी दिन 100 बच्चों को आउवा सत्याग्रह स्थल का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाएगा। साथ ही लाखोटिया उद्यान में सायं 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *