बदमाशों ने होटल के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो, कार और स्कूटी पर हमला कर तोड़फोड़, पिकअप सवार हमलावरों ने होटल के बाहर मचाया उत्पात

बदमाशों ने होटल के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो, कार और स्कूटी पर हमला कर तोड़फोड़, पिकअप सवार हमलावरों ने होटल के बाहर मचाया उत्पात

जालोर शहर में आपसी विवाद के चलते कुछ बदमाशों ने होटल के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो, कार और स्कूटी पर हमला कर तोड़फोड़ कर दी। बदमाश पिकअप में सवार होकर आए और सरियों और हॉकी से वार कर वाहनों को क्षतिग्रस्त किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जालोर शहर के थर्ड फेज क्षेत्र में दोपहर 3:30 से 4 बजे के बीच यह घटना हुई। जितेंद्र पुत्र हंजाराराम माली अपने दोस्तों के साथ होटल में खाना खा रहा था। तभी दो पिकअप में सवार बदमाश होटल के बाहर पहुंचे और उसकी स्कॉर्पियो को निशाना बनाया। उन्होंने पहले पिकअप से स्कॉर्पियो को टक्कर मारी, फिर सरियों और हॉकी से वार कर गाड़ी के शीशे और बॉडी को बुरी तरह तोड़ दिया। जितेंद्र माली पर भी हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी तरह मौके से भाग निकला।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डीएसपी जालोर टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने वाहनों की डैमेज रिपोर्ट तैयार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी ने बताया कि घटना में वाहनों की तोड़फोड़ की गई है लेकिन फायरिंग या किसी व्यक्ति पर चोट की बात सामने नहीं आई है। यह मामला दोनों पक्षों के बीच आपसी रंजिश और बजरी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी 14 अक्टूबर की रात को लेटा क्षेत्र में दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस ने जितेंद्र माली की रिपोर्ट पर नामजद मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *