राजस्थान में बह रही उल्टी गंगा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सियासी वार

राजस्थान में बह रही उल्टी गंगा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सियासी वार

बीकानेर में उद्योगपति एवं बीकाजी समूह के सीएमडी शिवरत्न अग्रवाल के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत के दौरान राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्ता में होने के बावजूद भाजपा विपक्ष पर अधिक आक्रामक है और राजस्थान में ‘उल्टी गंगा’ बह रही है।

गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष सरकार की कमियों को उजागर करता है, लेकिन वर्तमान में सरकार ही विपक्ष पर हमलावर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को रिफाइनरी जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की समझ नहीं है और वह बिना तथ्यों के बयान दे रही है।

रिफाइनरी और विकास कार्यों पर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत उनकी सरकार ने 2013 में की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे जैसे सड़क और बिजली विकास पर पर्याप्त काम नहीं किया, जिससे रोजगार की संभावनाएं प्रभावित हुई हैं।

गहलोत ने राहुल गांधी की सराहना करते हुए उन्हें ईमानदार और निर्भीक नेता बताया, जो सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि विपक्ष के दबाव से गलत परिसीमन की प्रक्रिया को रोका गया, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम हो सकते थे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *